रांची: सदर अंचलाधिकारी मुंशी राम को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
रांची। झारखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई ने हड़कंप मचा दिया है। भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए एसीबी ने रांची के सदर अंचलाधिकारी मुंशी राम को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जमीन से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
घूस की शिकायत के बाद गिरी गाज
सूत्रों के अनुसार, अंचलाधिकारी मुंशी राम पर जमीन रसीद और दाखिल-खारिज मामलों में रिश्वत मांगने का आरोप था। एक पीड़ित ने एसीबी को शिकायत दी थी, जिसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर सीओ को घूस लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद मुंशी राम को पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय ले जाया गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का गढ़
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सदर अंचल में जमीन से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर हो रहा था। बिना रिश्वत दिए काम नहीं करने की शिकायतें लगातार आ रही थीं। जमीन रसीद, दाखिल-खारिज जैसे मामलों में घूस की मांग आम हो गई थी। इस तरह की शिकायत के आधार पर एसीबी ने मुंशी राम को जाल में फंसाकर गिरफ्तार किया।
सीएम का सख्त रुख
कुछ दिनों पहले ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि अंचल कार्यालयों में हो रहे भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम के इस बयान के बाद राज्य में भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसने का असर दिख रहा है। एसीबी ने यह कार्रवाई उसी दिशा में की है, जिससे साफ है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
About The Author
