औरंगाबाद में दिनदहाड़े अपराधियों ने शिक्षक को गोली मारी, हालत गंभीर

अकौना मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने पीछे से मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी

औरंगाबाद में दिनदहाड़े अपराधियों ने शिक्षक को गोली मारी, हालत गंभीर

औरंगाबाद। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार की दोपहर बाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अकौना मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने 50 वर्षीय शिक्षक देवानंद कुमार यादव को गोली मार दी। गोली शिक्षक की पीठ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल शिक्षक अकौना गांव निवासी हैं और सदर प्रखंड के एक प्राइमरी स्कूल में पदस्थापित हैं। परिजनों के अनुसार, वे रोजाना की तरह सुबह स्कूल के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे गोली लगने की खबर मिली। परिजनों ने बताया कि सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

घटना कैसे हुई

जानकारी के अनुसार, लंच ब्रेक के दौरान देवानंद किसी आवश्यक कार्य से औरंगाबाद की ओर जा रहे थे। तभी अकौना मोड़ के पास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने पीछा करते हुए उनकी पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद शिक्षक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल भेजा।

पुलिस की कार्रवाई

मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि गोली लगने से शिक्षक देवानंद कुमार यादव घायल हुए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। फिलहाल गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

स्थानीय माहौल

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं परिजन इस घटना से सदमे में हैं और किसी पर संदेह जताने से बच रहे हैं।

Views: 186
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts