औरंगाबाद: खड़े वाहन से टकराई बाइक, युवक की मौत; दो दोस्त लापता
औरंगाबाद। औरंगाबाद के नवीनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान देव थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी 22 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। सुशील जनरल कंपटीशन की तैयारी कर रहा था।
झारखंड से लौटते वक्त हादसा
घटना बुधवार देर रात की है। सुशील अपने दो दोस्तों के साथ झारखंड के हरिहरगंज किसी काम से गया था। लौटते वक्त शंकरपुर गांव के पास उनकी बाइक एक खड़े चार पहिया वाहन से टकरा गई। हादसे में सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो दोस्त हादसे के बाद से लापता हैं।
सदर अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे। सुशील को जिंदा समझकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्तों का कोई पता नहीं
परिजनों ने बताया कि सुशील गांव के दो दोस्तों के साथ झारखंड गया था। हादसे के बाद से दोनों दोस्त लापता हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस जांच जारी
नवीनगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजन शव को अस्पताल लेकर चले गए थे। शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
About The Author
