बिहार में बसेंगे 11 नए आधुनिक शहर, जमीन खरीद-बिक्री पर तत्काल रोक
पटना। बिहार में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में 11 नए आधुनिक सेटेलाइट टाउनशिप बसाने को मंजूरी दी गई है। इस निर्णय के साथ ही इन प्रस्तावित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
सरकार के अनुसार मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के आसपास चिन्हित क्षेत्रों में यह रोक 30 जून 2027 तक लागू रहेगी, जबकि पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर के आसपास यह पाबंदी 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी।
इन टाउनशिप का नामकरण प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। पटना के निकट विकसित होने वाले शहर का नाम ‘पाटलिपुत्र’ और सोनपुर क्षेत्र में ‘हरिहरनाथपुर’ टाउनशिप प्रस्तावित है। नगर विकास विभाग इन सभी क्षेत्रों के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करेगा, जिसमें कोर एरिया और विशेष क्षेत्र तय किए जाएंगे। इसके आधार पर भूमि उपयोग और निर्माण कार्य की पूरी योजना लागू की जाएगी।
इस फैसले के साथ ही सरकार ने आम लोगों से जुड़े एक और अहम निर्णय लिया है। अब 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकारी कर्मचारी उनके घर जाकर सभी औपचारिकताएं पूरी करेंगे, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। कैबिनेट के इस फैसले को बिहार में योजनाबद्ध शहरीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में राज्य के विकास की तस्वीर बदल सकता है।
About The Author
