बिहार में सत्ता परिवर्तन, सम्राट चौधरी संभालेंगे मुख्यमंत्री पद की कमान
पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया है, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। एनडीए की औपचारिक बैठक के बाद इसकी घोषणा की जाएगी। इस फैसले के साथ ही राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहा है, जिसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अब नई सरकार राज्य का कार्यभार संभालेगी और उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार विकास की गति को आगे भी बनाए रखेगा। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पटना स्थित लोकभवन में आज शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है, जहां सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शुरुआती चरण में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही शपथ ले सकते हैं, जबकि अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में कराया जाएगा।
सरकार के गठन को लेकर कैबिनेट का संभावित फार्मूला भी सामने आ रहा है। इसमें भाजपा और जदयू के बीच बराबर-बराबर भागीदारी की बात कही जा रही है। इसके अलावा सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, जिससे गठबंधन संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
इस बदलाव के बाद अब सबकी नजर नई सरकार की प्राथमिकताओं और कामकाज पर टिकी है। विकास, सुशासन और तेज फैसलों को लेकर जनता की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
राजनीतिक जानकार इसे बिहार की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मान रहे हैं, जिसका असर आने वाले समय में राज्य की दिशा और नीतियों पर साफ तौर पर दिखाई दे सकता है।
About The Author
