नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में ली शपथ, चारों सदनों के सदस्य बनने का बनाया रिकॉर्ड

नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में ली शपथ, चारों सदनों के सदस्य बनने का बनाया रिकॉर्ड

नई दिल्ली/पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले ली। उन्हें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शपथ दिलाई। इस दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा और अर्जुन राम मेघवाल सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए। समारोह के दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने हस्ताक्षर के लिए उन्हें पेन दिया, जिस पर नीतीश कुमार ने हल्के अंदाज में कहा—“हो गया… चलें…”, हालांकि बाद में फोटो सेशन के लिए उन्हें रोका गया।

नीतीश कुमार ने इस शपथ के साथ एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वे अब देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और विधान परिषद—चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। राज्यसभा में यह उनका पहला कार्यकाल है।

शपथ से पहले सुबह दिल्ली में उनसे मिलने नेताओं का तांता लगा रहा। संजय झा और रामनाथ ठाकुर ने उनसे मुलाकात की। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी ने भी भेंट की। वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा—“बिहार विल मिस यू नीतीश जी।” दूसरी ओर, राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने तंज कसते हुए कहा कि आज से बिहार में उनकी सेवा समाप्त हो जाती है।

सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार शुक्रवार शाम पटना लौट सकते हैं और 13 अप्रैल को कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे। इसके बाद 14 अप्रैल को उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है। उसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है। गुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर नीतीश कुमार ने कहा था कि अब वे दिल्ली में अधिक सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा, “बहुत समय तक यहां काम किया है, अब फिर से यहीं काम करूंगा। बिहार में 20 वर्षों तक काम किया है, आगे भी काम जारी रहेगा।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पटना आना-जाना जारी रहेगा।

 
 
Views: 18
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND