बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 जारी: 81.79% छात्र सफल, दो छात्राएं बनीं संयुक्त टॉपर

बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 जारी: 81.79% छात्र सफल, दो छात्राएं बनीं संयुक्त टॉपर

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वर्ष 2026 की मैट्रिक (10वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने परिणाम जारी किया। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर और बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 15.12 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।

81.79% परीक्षार्थी हुए सफल

इस बार मैट्रिक परीक्षा में 81.79 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं। कुल 12 लाख 35 हजार 743 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है और उनका उत्तीर्ण प्रतिशत छात्रों की तुलना में अधिक है।

दो छात्राएं बनीं राज्य टॉपर

इस वर्ष परीक्षा में सिमुलतला की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की सबरीन परवीन संयुक्त रूप से राज्य टॉपर बनी हैं। दोनों ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए कुल 492 अंक हासिल किए। टॉप 5 में कुल 13 परीक्षार्थी शामिल हैं, जबकि छठे से दसवें स्थान तक 126 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है।

ऐसे देखें अपना परिणाम

परीक्षार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट result.biharboardonline.org या matricbiharboard.com पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर 10वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।

17 से 25 फरवरी तक हुई थी परीक्षा

बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक राज्यभर के 1699 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें करीब 15.12 लाख विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें 7.85 लाख छात्राएं और 7.26 लाख छात्र थे। परीक्षा कड़ी निगरानी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

इस बार टूटा एक रिकॉर्ड, बना नया कीर्तिमान

पिछले सात वर्षों से बिहार बोर्ड देश में सबसे पहले मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी करने का रिकॉर्ड बनाए हुए था, लेकिन इस बार यह सिलसिला टूट गया और राजस्थान बोर्ड ने पहले परिणाम घोषित किया। हालांकि बिहार बोर्ड ने इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम लगातार आठवीं बार देश में सबसे पहले जारी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 23 मार्च 2026 को इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित किया गया था। मैट्रिक परीक्षा के परिणाम ने लाखों छात्रों के भविष्य की दिशा तय कर दी है और अब आगे की पढ़ाई को लेकर विद्यार्थियों में नई उम्मीदें जाग उठी हैं।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND