ईआर-1 आईआरएसएम वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026: फाइनल में बीआरबीसीएल की दमदार जीत, एनटीपीसी कांटी को हराकर बना चैंपियन
नवीनगर,औरंगाबाद। बीआरबीसीएल परिसर में आयोजित ईआर-1 आईआरएसएम वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में बीआरबीसीएल और एनटीपीसी कांटी की टीमें आमने-सामने थीं, जहां बीआरबीसीएल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पूरे मैच के दौरान बीआरबीसीएल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षा का परिचय दिया। टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और निर्णायक क्षणों में संयम दिखाते हुए जीत सुनिश्चित की। वहीं, एनटीपीसी कांटी की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः उन्हें उपविजेता से संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक रंजन देहुरी, सुजाता लेडीज क्लब की अध्यक्षा संगीता गोयल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
फाइनल मैच के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक अभिषेक पाठक, गायिका प्रिया चौहान और सैक्सोफोन वादक संजय मिश्रा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और सुरों की इस शाम ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि दीपक रंजन देहुरी ने बीआरबीसीएल टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत टीमवर्क और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने उपविजेता एनटीपीसी कांटी के खिलाड़ियों के खेल की भी सराहना की और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, संगीता गोयल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि आपसी सौहार्द और उत्साह का भी शानदार संदेश दिया।
About The Author
