प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से शोक की लहर, संगीत जगत ने खोई अनमोल आवाज

आशा भोसले ने अपने करियर में 14 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए।

प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से शोक की लहर, संगीत जगत ने खोई अनमोल आवाज

दिल्ली। भारतीय संगीत जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने रविवार दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उन्हें शनिवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, आशा भोसले लंबे समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।

मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ। इस खबर के सामने आते ही फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, उनके अंतिम दर्शन के लिए लोग सोमवार सुबह 11 बजे उनके निवास पर पहुंच सकते हैं। अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे किया जाएगा।

आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में 14 से अधिक भाषाओं में 12 हजार से ज्यादा गीत गाए। उनकी आवाज ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया। ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘इन आंखों की मस्ती’ और ‘चुरा लिया है तुमने’ जैसे गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। आशा भोसले महान कलाकार दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।

महज 9 वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और गायन को अपना करियर बनाया। कड़ी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर उन्होंने भारतीय सिनेमा और संगीत में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन से देश ने एक ऐसी आवाज खो दी है, जो दशकों तक लोगों के दिलों पर राज करती रही।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND