औरंगाबाद में रिश्तों का कत्ल: चाचा ने तीन बच्चों की हत्या कर खुद को किया घायल, गांव में मातम

औरंगाबाद में रिश्तों का कत्ल: चाचा ने तीन बच्चों की हत्या कर खुद को किया घायल, गांव में मातम

औरंगाबाद। जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के इटवा पंचायत अंतर्गत खुटहन गांव में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि इस जघन्य वारदात को बच्चों के चाचा ने ही अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

एक ही कमरे में मिले तीनों शव

मृतकों की पहचान अनीष (10), आयुष (7) और अनुष्का (5) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे एक ही कमरे में मृत पाए गए। उनके गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे और कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था। घटना की क्रूरता ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया।

वारदात के बाद खुद को किया घायल

बताया जा रहा है कि आरोपी अमंत पाल (18) ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद पर भी हमला कर लिया। उसने अपना गला काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे जिंदा पाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

WhatsApp Image  1.37.26 PM

मां की आवाज पर खुला मामला

घटना के समय बच्चों की मां अनीता देवी घर में ही थीं। उन्हें बच्चों की आवाज सुनाई दी, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए।

तेज आवाज में संगीत चलाकर छिपाई घटना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने वारदात के दौरान तेज आवाज में संगीत चला रखा था, ताकि बच्चों की चीख-पुकार बाहर न सुनाई दे। कमरे में एक टूटा हुआ इलेक्ट्रिक कटर भी मिला है, जिससे हमले की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मासूम बच्चों की निर्मम हत्या से हर कोई स्तब्ध है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Views: 42
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND