वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना नदी में स्टीमर पलटा, 10 पर्यटकों की मौत
मथुरा। वृंदावन में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां 30 पर्यटकों को लेकर जा रहा स्टीमर यमुना नदी में पलट गया। इस दर्दनाक घटना में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।
दोपहर में हुआ हादसा, राहत कार्य जारी
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। सेना की टीम मौके पर पहुंच गई है, वहीं गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम भी वृंदावन पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गई है।
10 की मौत, कई घायल, कुछ लापता
डीआईजी शैलेश पांडेय ने बताया कि पर्यटक दो स्टीमर में सवार थे, जिनमें से एक स्टीमर पलट गया। इस स्टीमर पर करीब 25 से 27 लोग सवार थे। हादसे में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं 3 से 5 लोगों के अब भी लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
तेज हवा बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शी पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि सभी लोग पंजाब के लुधियाना, हिसार और मुक्तेश्वर से आए थे। उस समय तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच पहुंचते ही स्टीमर हवा के कारण डगमगाने लगा और उसकी रफ्तार भी बढ़ गई। इसी दौरान स्टीमर पीपा पुल (पांटून पुल) से टकराकर पलट गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
About The Author
