मजदूरी कर घर लौट रहे युवक की गला घोंटकर हत्या, इलाके में सनसनी

मजदूरी कर घर लौट रहे युवक की गला घोंटकर हत्या, इलाके में सनसनी

मसौढ़ी। थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरात-बेलौटी पथ स्थित भगवानपुर स्कूल और हनुमान मंदिर के पास गुरुवार की देर रात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

मृतक की पहचान बेलौटी गांव निवासी अरुण पासवान के 20 वर्षीय पुत्र रूपम उर्फ रूपेश पासवान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रूपम मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे निशाना बनाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं—आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य कारणों—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

Views: 178
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND