सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में संभाल पदभार, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव बने उपमुख्यमंत्री

 सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में संभाल पदभार, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव बने उपमुख्यमंत्री

पटना | बिहार की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया है। राजधानी पटना स्थित लोकभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस नई सरकार में सहयोगी दल जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं ने भी राज्यपाल के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली। इससे साफ संकेत मिलता है कि गठबंधन सरकार संतुलन के साथ आगे बढ़ने की कोशिश करेगी।


इस पूरे कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। हाल ही में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद राज्य की राजनीति में तेजी से घटनाक्रम बदला। लंबे समय तक, लगभग दो दशकों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद अब वे राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं।


शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी ने आध्यात्मिक आस्था का परिचय देते हुए पटना के पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सीधे शपथ समारोह में पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी। हालांकि, अभी तक बिहार मंत्रिमंडल का पूर्ण विस्तार नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मंत्रियों के नामों की घोषणा की जाएगी, जिसमें विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत है। भाजपा के नेतृत्व में बनी यह सरकार विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर कितनी सफल रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Views: 18
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND