प. चंपारण: VTR में जंगल सफारी का शुभारंभ, पर्यटकों को रोमांचक अनुभव
पश्चिम चंपारण। पश्चिम चंपारण स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में पर्यटकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सोमवार को नए सत्र की शुरुआत के साथ जंगल सफारी फिर से पर्यटकों के लिए खोल दी गई। इस अवसर पर VTR के वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक डॉक्टर नेशामणी ने मंगुराहा पर्यटन केंद्र पर हरी झंडी दिखाकर सफारी की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मंगुराहा पर्यटन केंद्र पर डॉक्टर नेशामणी के साथ रेंजर सुजीत कुमार, फॉरेस्टर अभिषेक सिंह, वन रक्षक अंकुश तिवारी और पर्यटन प्रबंधक सुमन सौरभ भी उपस्थित थे। वहीं, वाल्मीकिनगर पर्यटन केंद्र पर वन प्रमंडल दो के डीएफओ पियूष बरनवाल और प्रशिक्षु डीएफओ स्टालिन फीडर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सफारी की शुरुआत की। पहले दिन वाल्मीकिनगर में कुल 12 पर्यटकों ने जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव लिया। बोकारो स्टील प्लांट के मैनेजर प्रमोद कुमार अपने परिवार के साथ पहले पर्यटक बने। मंगुराहा में भी कई पर्यटक, जिनमें महाराष्ट्र से मेघना अर्जुन, पटना से दीनानाथ कुमार सिन्हा, संस्कृति पांडे, गौरी पादिकर और मोहम्मद नय्यर आलम शामिल थे, ने जंगल सफारी का आनंद लिया।
स्थानीय गाइडों के लिए नए अवसर: इस बार वन विभाग ने स्थानीय नेचर गाइडों के लिए विशेष प्रशिक्षण की योजना बनाई है। उन्हें शहद उत्पादन और हस्त निर्मित सामान के उत्पादन में प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उनके लिए नए रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।
VTR में पर्यटकों के लिए जंगल सफारी का यह सत्र न सिर्फ रोमांचक अनुभव देने वाला है, बल्कि स्थानीय समुदायों को भी इससे आर्थिक लाभ होगा।
About The Author
