नीतीश कुमार ने लिया राजगीर क्रिकेट स्टेडियम निर्माण का जायजा, अधिकारियों को दिए काम में तेजी के निर्देश

नीतीश कुमार ने लिया राजगीर क्रिकेट स्टेडियम निर्माण का जायजा, अधिकारियों को दिए काम में तेजी के निर्देश

राजगीर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्टेडियम के निर्माण की प्रगति, डिजाइन और सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा खिलाड़ियों, दर्शकों और मीडिया के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राजगीर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, वैकल्पिक संपर्क पथों और क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई। नीतीश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि योजनाएं समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने कहा, राजगीर न सिर्फ बिहार का, बल्कि पूरे देश का एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। यहां बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं के विकास से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

राजगीर दौरे पर जाते समय मुख्यमंत्री ने सालेपुर से राजगीर बुद्ध सर्किट फोर-लेन पथ के एलायनमेंट का भी निरीक्षण किया। सालेपुर मोड़ और बेलऊआ में स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रस्तावित सड़क पर रेलवे लाइन को पार करने के लिए एलिवेटेड पथ बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पर संतोष जताते हुए कहा कि इस परियोजना का काम जल्द शुरू कराया जाए ताकि पटना से राजगीर की यात्रा और अधिक सुविधाजनक और कम समय में पूरी हो सके। उन्होंने कहा पटना से राजगीर जाने वालों को इस फोर-लेन के बनने से काफी सहूलियत होगी। न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। मुख्यमंत्री ने राजगीर दौरे के क्रम में हसनपुर में निर्माणाधीन डाइवर्जन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, नालंदा के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., और नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Views: 8
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND