बिहार में ठंड का बढ़ता कहर: अगले दो दिनों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट

बिहार में ठंड का बढ़ता कहर: अगले दो दिनों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट

पटना। बिहार में ठंड ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में यह और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 5 और 6 दिसंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10°C से 14°C के बीच रहेगा, जबकि पछुआ हवाओं के तेज बहाव से ठिठुरन और बढ़ेगी।

इन जिलों में कोहरे और ठंड का ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर समेत 21 जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय दृश्यता कम हो सकती है, जिससे यातायात में बाधा आ सकती है। लोगों से घर से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पछुआ हवाओं का असर

प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव अधिक रहेगा। सुबह और रात में तापमान तेजी से गिरने की संभावना है। 5 और 6 दिसंबर को इन हवाओं की गति तेज रहने की संभावना है, जिससे ठंड के स्तर में वृद्धि होगी।

पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडे जिले

बुधवार को बिहार का रोहतास जिला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.6°C दर्ज किया गया। इसके बाद पूर्वी चंपारण (10.7°C) और गया (10.8°C) का स्थान रहा। इन जिलों में ठंड का असर अधिक महसूस किया गया। वहीं, पश्चिम चंपारण, शिवहर, औरंगाबाद, नवादा और अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 11°C के आसपास दर्ज किया गया।

Views: 10
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND