प्रयागराज महाकुंभ का समापन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ, अब तक 60 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे
प्रयागराज। ऐतिहासिक महाकुंभ मेले का समापन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ होगा। मेले की शुरुआत से अब तक 59.31 करोड़ श्रद्धालु संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। शुक्रवार को ही 1.16 करोड़ से अधिक भक्तों ने संगम में स्नान किया। शनिवार को वीकेंड होने के कारण संगम घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन ने वाहनों को करीब 10 किलोमीटर पहले ही रोक दिया, जिससे भक्तों को पैदल संगम तक पहुंचना पड़ रहा है।
शहर और हाईवे पर भीषण जाम
श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते प्रयागराज शहर और हाईवे पर लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। प्रयागराज जंक्शन पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। 27 फरवरी तक सभी होटल और अरैल में बनी टेंट सिटी पूरी तरह बुक हो चुकी है। शनिवार को संगम स्नान करने वालों की संख्या 60 करोड़ के पार पहुंचने की संभावना है।
24 फरवरी को 10वीं-12वीं की परीक्षा स्थगित, 8 ट्रेनें रद्द
शहर में बढ़ती भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 24 फरवरी को होने वाली 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित कर दी है। अब यह परीक्षा 9 मार्च को आयोजित की जाएगी। प्रयागराज आने-जाने वाली 8 ट्रेनें 28 फरवरी तक रद्द कर दी गई हैं, जबकि 4 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। प्रयागराज में सिर्फ यूपी-70 नंबर प्लेट वाली गाड़ियों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। जेपी नड्डा और सीएम योगी पहुंचे प्रयागराज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर प्रयागराज पहुंचे। सीएम योगी ने त्रिवेणी गेस्ट हाउस अरैल में जेपी नड्डा का स्वागत किया। दोनों नेता संगम घाट, लेटे हनुमान मंदिर और अक्षयवट के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। जेपी नड्डा के रवाना होने के बाद सीएम योगी रात 8:15 बजे प्रयागराज से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
About The Author
