भारत में 5 साल बाद टिकटॉक, अलीएक्सप्रेस और शीन की वेबसाइट अनब्लॉक, एप अब भी ब्लॉक

भारत में 5 साल बाद टिकटॉक, अलीएक्सप्रेस और शीन की वेबसाइट अनब्लॉक, एप अब भी ब्लॉक

नई दिल्ली। लंबे समय बाद भारत में एक बार फिर टिकटॉक, अलीएक्सप्रेस और शीन की वेबसाइट्स खुलनी शुरू हो गई हैं। शुक्रवार शाम से यूजर्स मोबाइल और लैपटॉप पर इन प्लेटफॉर्म्स का होम पेज आसानी से एक्सेस कर पा रहे हैं। हालांकि, अभी केवल वेबसाइट्स का फ्रंट पेज ही ओपन हो रहा है, जबकि एप्लीकेशन अब भी गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर पर उपलब्ध नहीं हैं।

जानकारी के अनुसार, टिकटॉक और अलीएक्सप्रेस का एप अब तक ब्लॉक्ड है। वहीं, शीन का एप गूगल प्ले स्टोर और एपल स्टोर दोनों पर इंस्टॉल किया जा सकता है। इसके बावजूद टिकटॉक की पेरेंट कंपनी बाइटडांस ने इस अनब्लॉकिंग पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी सूत्रों ने साफ किया है कि भारत सरकार ने टिकटॉक या अन्य चीनी प्लेटफॉर्म्स के लिए कोई नया अनब्लॉकिंग आदेश जारी नहीं किया है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से भी इस विषय पर कोई बयान नहीं दिया गया है।

गौरतलब है कि जून 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुए तनाव के बाद भारत सरकार ने टिकटॉक, वीचैट, हेलो समेत 59 चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद धीरे-धीरे 500 से अधिक चीनी एप्स पर बैन लगाया गया। सरकार का कहना था कि ये एप्स डेटा चोरी कर सकते हैं और देश की सुरक्षा व संप्रभुता के लिए खतरा हैं।

अब 5 साल बाद अचानक इन वेबसाइट्स का खुलना चर्चा का विषय बन गया है। आम यूजर्स यह समझ नहीं पा रहे हैं कि यह तकनीकी खामी है या फिर प्लेटफॉर्म्स की तरफ से कोई नया प्रयोग। फिलहाल, सभी की निगाहें केंद्र सरकार और संबंधित कंपनियों की ओर टिकी हैं कि आगे इस पर क्या निर्णय लिया जाता है।

Views: 59
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND