औरंगाबाद में भीषण सड़क दुर्घटना: पत्नी की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
औरंगाबाद। सोमवार को औरंगाबाद के ओबरा दाउदनगर पथ पर स्थित मनोरा गांव-खराटी पुल के पास एक हृदय विदारक सड़क हादसे में 45 वर्षीय प्रमिला देवी की दर्दनाक मौत हो गई और उनके पति मनोज पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब यह दंपत्ति बैंक के काम से घर से निकले थे और पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घर से बैंक जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतका प्रमिला देवी, ओबरा थाना क्षेत्र के पोखटा गांव की निवासी थीं। उनके पति मनोज पासवान ने बताया कि वे सोमवार की सुबह अपने घर से पत्नी का बैंक अकाउंट का केवाईसी करवाने के लिए ओबरा जा रहे थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे जब पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के बाद मनोज की बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे प्रमिला देवी नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत ओबरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया।
About The Author
