हजारीबाग डीसी की बैठक: चुनावी प्रक्रियाओं को पारदर्शिता से संचालित करने का निर्देश
हजारीबाग। विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त नैंसी सहाय की अध्यक्षता में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया, जिसमें कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कार्यक्रम, ईवीएम प्रबंधन, मीडिया मॉनीटरिंग, कम्युनिकेशन प्लान, स्वीप प्लानिंग, आदर्श आचार संहिता, विधि व्यवस्था, एसएमएस मॉनीटरिंग और परिवहन कोषांग आदि के दायित्वों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने बैठक में चुनावी प्रक्रियाओं को स्वच्छ, निष्पक्ष और निर्भीकता के साथ संपन्न कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग, मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, चुनावी प्रबंधन, मतदान प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली के साथ-साथ आदर्श आचार संहिता और मीडिया कोषांग की भूमिका के बारे में अच्छी तरह से जानकारी रखें। बैठक में उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देव प्रिया, प्रशिक्षु आईएएस लोकेश बारंगे, एसडीएम सदर एवं बरही, डीसीएलआर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
About The Author
