धनबाद: सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार अजय तिवारी का निधन, शोक की लहर
धनबाद। धनबाद के वरिष्ठ पत्रकार अजय तिवारी की गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे पूरे पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, अजय तिवारी अपने कार्यालय से काम समाप्त करने के बाद मध्यरात्रि में अपने निवास कोयलांचल सिटी लौट रहे थे। इसी दौरान 8 लेन रोड पर लेमन चिल्ली के पास अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह ज़मीन पर गिर गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अजय तिवारी को अचेत अवस्था में धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अजय तिवारी गोमो के निवासी थे और वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से धनबाद और आसपास के पत्रकारिता जगत में गहरा दुख है। उनकी कड़ी मेहनत और पत्रकारिता में उनकी समर्पित सेवाओं को याद करते हुए उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों ने संवेदना व्यक्त की है।
About The Author
