पश्चिमी सिंहभूम: PLFI के दो गुटों में मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
पश्चिमी सिंहभूम। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (PLFI) के दो गुटों के बीच आपसी वर्चस्व को लेकर हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। मृत नक्सलियों की पहचान परवेल सांडी पूर्ति और आशिक तांती के रूप में हुई है। यह मुठभेड़ पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव और खूंटी जिले के मुरहू सीमा क्षेत्र में फूलझरी नदी के किनारे हुई।
आपसी रंजिश में चली गोलियां, पुलिस ने शव किए बरामद
सूचना मिलते ही पश्चिमी सिंहभूम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों नक्सलियों के शव बरामद किए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया, जिसमें एक देसी पिस्टल, जिंदा गोली, मोबाइल फोन और लेवी की रसीदें बरामद हुई हैं।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले थे मारे गए नक्सली
पश्चिमी सिंहभूम एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि आपसी विवाद के चलते संगठन के सदस्यों के बीच फायरिंग हुई। मारा गया परवेल माईलडीह बंदगांव का रहने वाला था और उसके खिलाफ तीन गंभीर मामले दर्ज थे, जिनमें धारा 332, 384, 385, 414, 120B और आर्म्स एक्ट के तहत केस शामिल थे। वहीं, मुरुमबुरु बंदगांव निवासी आशिक तांती पर भी 17 सीएलए और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज थे।
अलग गुट बनाने को लेकर संगठन में फूट
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीएलएफआई संगठन में कुछ नक्सली अलग गुट बनाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे विवाद पैदा हुआ। संगठन में इस तरह के मतभेद पहले भी रहे हैं, लेकिन इस बार मामला हिंसक रूप ले चुका था।
सर्च अभियान में हथियार और दस्तावेज बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसमें एक देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली, 12 बोर की दो गोलियां, तीन मोबाइल फोन, पीएलएफआई की लेवी रसीदें, एक पीठू बैग और 402 रुपए नकद बरामद किए गए।
About The Author
