जेडीयू विधायक दल की बैठक में नेता का फैसला टला, चयन का अधिकार नीतीश कुमार को सौंपा ग
पटना। पटना में मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की पहली बड़ी बैठक आयोजित हुई, जिसमें विधायक दल के नए नेता के चयन पर चर्चा की गई। हालांकि करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका। बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने जानकारी दी कि विधायक दल के नेता के चयन का अधिकार सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों ने एकमत होकर यह निर्णय लिया और नीतीश कुमार के नेतृत्व व योगदान के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
नीरज कुमार के अनुसार, बैठक में किसी तरह का विवाद नहीं था और न ही किसी अन्य नाम पर औपचारिक चर्चा हुई। प्रस्ताव विजय कुमार चौधरी की ओर से रखा गया था, जिसे सभी सदस्यों ने समर्थन दिया। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि वे संसदीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ बिहार के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे पार्टी नेताओं के साथ मिलकर सरकार के कामकाज की समीक्षा करेंगे, ताकि विकास की गति और तेज हो सके।
बैठक से पहले और बाद में निशांत कुमार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज रही। कुछ जगहों पर पोस्टर भी लगाए गए, जिनमें उन्हें विधायक दल का नेता बनाने की मांग की गई। हालांकि, चूंकि वे अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, इसलिए फिलहाल उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं दी जा सकती। अब विधायक दल के नए नेता को लेकर अंतिम फैसला नीतीश कुमार के हाथ में है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी किस चेहरे को आगे करती है और बिहार की राजनीति में इसका क्या असर पड़ता है।
About The Author
