औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी कार, दो युवकों की मौत, तीन की हालत नाजुक

औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी कार, दो युवकों की मौत, तीन की हालत नाजुक

औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। एनएच-19 पर सढ़ईल और रानी कुआं गांव के बीच तेज रफ्तार कार के ट्रक में पीछे से घुस जाने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सढ़ईल गांव निवासी 22 वर्षीय आतिश उर्फ युवराज सिंह और हर्षित कुमार उर्फ अर्श के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, हर्षित की बुआ की शादी होने वाली थी। इसी सिलसिले में परिवार के लोग सोमवार रात गया जिले के बेलवा गांव तिलक समारोह में शामिल होकर लौटे थे। मंगलवार दोपहर युवराज, हर्षित, उत्कर्ष, उमंग और पियूष एक कार से शिवगंज बाजार सब्जी खरीदने निकले थे। गांव से करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ते ही उनकी कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में जा टकराई।

हादसे में घायल उत्कर्ष कुमार, उमंग कुमार और पियूष कुमार को तत्काल इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद युवराज और हर्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि उत्कर्ष और उमंग, मृतक हर्षित के रिश्तेदार हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार युवराज के एक मित्र की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने ही परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। नगर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Views: 29
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts