मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की पीएम मोदी से पहली मुलाकात
नई दिल्ली/पटना। बिहार की राजनीति में नए समीकरणों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पीएम से पहली औपचारिक भेंट रही, जिसे शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
सम्राट चौधरी सीधे 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान बिहार सरकार के प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार और संगठनात्मक समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री से मिलने से पहले सम्राट चौधरी ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। यह बातचीत भले ही कुछ मिनटों की रही, लेकिन इसे संगठनात्मक तालमेल के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से विकसित भारत और समृद्ध बिहार के विजन को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग राज्य के विकास को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सम्राट चौधरी का पहला दिल्ली दौरा है। इस दौरान वे पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर अपनी सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जदयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। हालांकि, अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है, जिससे राजनीतिक हलकों में संभावित फेरबदल और नए चेहरों को लेकर अटकलें तेज हैं। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल नहीं हो सके थे। इसकी वजह उस समय पश्चिम बंगाल में चुनावी व्यस्तता बताई गई थी, जिसके चलते समारोह सीमित स्तर पर आयोजित किया गया था।
About The Author
