बिहार में मार्च से पड़ेगी भीषण गर्मी, हीट वेव और बारिश की संभावना

बिहार में मार्च से पड़ेगी भीषण गर्मी, हीट वेव और बारिश की संभावना

पटना। बिहार में मार्च की शुरुआत से ही भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, आरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में मार्च में एक-दो दिनों तक हीट वेव चल सकती है। इस दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

आज 10 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आज बिहार के 10 जिलों—भागलपुर, मुंगेर, बांका, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। अगले तीन दिनों तक राज्य में दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि हल्की हवा चल सकती है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और दिन-रात के तापमान का अंतर कम होने लगेगा।

मार्च में सामान्य से अधिक बारिश और हीट वेव का असर

मौसम विभाग के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार, मार्च में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। बारिश के साथ कई जगहों पर ठनका गिर सकता है। अप्रैल में भी हीट वेव का असर बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। मई में झारखंड से सटे जिलों में बारिश और ठनका गिरने की संभावना भी जताई गई है।

प्री-मानसून का दौर शुरू, फरवरी में बारिश 96% कम रही

बिहार में 1 मार्च से प्री-मानसून का दौर शुरू हो चुका है, जो 31 मई तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान तापमान में वृद्धि होगी और रुक-रुक कर हल्की बारिश और आंधी आ सकती है। शनिवार सुबह पटना समेत 22 जिलों में बारिश हुई, जिसमें सबसे अधिक 4.6 मिमी बारिश वैशाली के राजा पाकर में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी में बिहार में 96% कम बारिश हुई। औरंगाबाद में सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मोतिहारी में न्यूनतम औसत तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिछले 5 वर्षों में सबसे गर्म फरवरी, मई में राहत की उम्मीद

इस बार फरवरी में तापमान पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक दर्ज किया गया। पटना, गया समेत पांच जिलों का तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। पटना में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और गया में 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 2024 में पटना का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और गया का 24.9 डिग्री था। हालांकि, मई में अपेक्षाकृत कम गर्मी पड़ने की संभावना है।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND