महिला से रेप मामले में 23 दिन बाद आरोपी अरेस्ट
औरंगाबाद। विधवा महिला के साथ हुए रेप मामले में आरोपी 23 दिन बाद अरेस्ट हो गया है। घटना 24 जून की दोपहर 12 बजे की है और यह मामला रफीगंज के कासमा थाना क्षेत्र का है। औरंगाबाद की SP स्वप्ना मेश्राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि आरोपी नंद विश्वकर्मा (32) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह सरावक मोड़ की तरफ से धावा नदी से होकर सुनसान रास्ते पर आने-जाने वाली अकेली महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी करता था और छिनतई की घटनाओं को भी अंजाम देता था।
पीछे से मुक्का मार किया बेहोश
SP ने बताया कि 24 जून की सुबह पीड़ित महिला 6.30 बजे अपने घर से काम के लिए निकली थी। काम खत्म कर वह 12 बजे अपने घर लौट रही थी। जैसे ही महिला सरावक मोड़ के पास पहुंची, झाड़ियों में घात लगाए बैठे आरोपी नंद विश्वकर्मा ने उसे पीछे से मुक्का मार दिया। महिला कमजोर होने के कारण वह तुरंत बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला को कंधे पर उठाकर सुनसान पहाड़ के पास ले जाकर उसके साथ रेप किया और फिर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने पहले भी कई महिलाओं के साथ जोर-जबरदस्ती का प्रयास किया था और सफल न होने पर उनसे मोबाइल और बैटरियां छीन ली थीं, लेकिन किसी महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी।
होश आने पर थाने पहुंची महिला
महिला ने बताया कि जब घटना के बाद उसे होश आया तो वह पहाड़ के पास थी। अपनी हालत देख उसे समझ आया कि उसके साथ रेप हुआ है। उसने तुरंत कासमा थाना क्षेत्र में इसकी जानकारी दर्ज करवाई। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर अनुसंधान करते हुए टीम गठित कर जांच शुरू कर दी और कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की। बाद में नंद विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान पचार गांव के रामेश्वर विश्वकर्मा के बेटे नंद विश्वकर्मा के रूप में की गई है। आरोपी के घर से विभिन्न लोगों से छीने गए मोबाइल और बैटरियां मिली हैं। इसके साथ ही रेप के समय पहने गए खून लगे कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
जांच टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 2 अमित कुमार, साइबर थाना अध्यक्ष डॉ. अनु कुमारी, रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर मधु कुमारी, मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार, तकनीकी शाखा जिला प्रभारी शंभू कुमार, जिला तकनीकी शाखा रामेश्वर यादव, रफीगंज थाना अध्यक्ष गुफरान अली, कासमा थाना अध्यक्ष इमरान आलम, SI वर्षा कुमारी, संतोष कुमार, अनिकेत कुमार, मुन्ना कुमार, अमरजीत कुमार, अजीत कुमार, पंकज पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
About The Author
