सावन के चौथे सोमवार पर जहानाबाद में भगदड़: सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

 सावन के चौथे सोमवार पर जहानाबाद में भगदड़: सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

जहानाबाद।  सावन के पवित्र महीने में चौथे सोमवार को बिहार के जहानाबाद जिले में एक बड़े हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वाणावार सिद्धेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें सात लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह के वक्त हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाणावार सिद्धेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के लिए जमा हुए थे। मंदिर की संकरी सीढ़ियों पर अचानक भगदड़ मच गई। किसी विवाद के चलते शुरू हुई धक्का-मुक्की ने पल भर में भयावह रूप ले लिया। देखते ही देखते लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, और भगदड़ के कारण कई श्रद्धालु दबकर घायल हो गए।  हादसे के बाद प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था। लोग आरोप लगा रहे हैं कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना घटी।  इस हादसे में जान गंवाने वाले सात श्रद्धालुओं में से छह महिलाएं थीं। घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है और वे प्रशासन पर दोषारोपण कर रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही जिले के डीएम और एसपी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है कि घायलों को बेहतर इलाज मिले और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।  हादसे के बाद स्थानीय जनता में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो यह घटना टाली जा सकती थी। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

Views: 2
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts