दो हार्डकोर नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

दो हार्डकोर नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले में बिहार और झारखंड के दो हार्डकोर नक्सली गोरा यादव तथा विधि विरुद्ध किशोर ने पुलिस प्रशासन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल एवं कोबरा बटालियन के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधीक्षक स्वप्ना जी मेश्राम ने बताया कि एक नागरिक तथा कोबरा बटालियन के 2 जवानों की हत्या में संलिप्त दोनों हार्डकोर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई तथा आत्मसमर्पण सह पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली मदनपुर थाना क्षेत्र के छेछानी गांव निवासी विजय यादव के पुत्र गोरा यादव एवं एक विधि विरुद्ध किशोर हैं। उन्होंने बताया कि यह दोनों हार्डकोर नक्सली औरंगाबाद जिला सहित आसपास के जिलों के दर्जनों कांडों में फरार चल रहे थे। इनके द्बारा अपने साथियों के साथ मिलकर कई जघन्य कांडों को अंजाम दिया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले दोनों हार्डकोर नक्सलियों से अन्य नक्सली कांडों में संलिप्तता के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों नक्सली ने एक एसएलआर राइफल मैगजीन के साथ, 53 राउंड गोली और एक देसी कट्टा के साथ आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य में भी इनके विरुद्ध कांड दर्ज होने की संभावना है। इस संबंध में जानकारी के लिए झारखंड पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि औरंगाबाद पुलिस और यहां प्रतिनियुक्त केंद्रीय सुरक्षाबलों की ओर से अंतरराज्यीय हार्डकोर नक्सलियों को आत्मसमर्पण कराने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण पाने में काफी हद तक मदद मिलेगी।

naksali

Views: 0
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433