नक्सलियों के मंसूबे नाकाम: बिहार-झारखंड की संयुक्त कार्रवाई में मिले 5 शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बम, जंगल में ही किए गए नष्ट

नक्सलियों के मंसूबे नाकाम: बिहार-झारखंड की संयुक्त कार्रवाई में मिले 5 शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बम, जंगल में ही किए गए नष्ट

औरंगाबाद। बिहार और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने एक बड़े नक्सली हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। दोनों राज्यों की संयुक्त टीम ने लडुईया पहाड़ के जंगलों से पांच अति शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बम बरामद किए, जिन्हें सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से प्लांट किया गया था। बमों को जंगल में ही सुरक्षात्मक तरीके से नष्ट कर दिया गया। औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष मार्च 2026 तक नक्सलियों के समूल नाश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में औरंगाबाद पुलिस लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

औरंगाबाद के नबीनगर, अम्बा, देव और मदनपुर प्रखंड के झारखंड सीमा से सटे इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। चूंकि ये क्षेत्र झारखंड के पलामू जिले से सटे हैं, इसलिए पलामू पुलिस, एसटीएफ और सीआरपीएफ की टीमें भी इस संयुक्त अभियान में भाग ले रही हैं।अधिकारियों को विश्वसनीय खुफिया इनपुट मिला था कि नक्सली लडुईया पहाड़ के क्षेत्र में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए शक्तिशाली आईईडी बम लगा चुके हैं।

इस इनपुट के आधार पर जंगल में चिन्हित स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लडुईया पहाड़ के शिकारी नाला क्षेत्र से दो-दो किलोग्राम के पांच केन बम बरामद किए गए, जिन्हें जंगल में ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। एसपी अम्बरीष राहुल ने बताया कि  ऑपरेशन में औरंगाबाद पुलिस ने अबतक 102 आईईडी बमों को बरामद कर यथास्थान विनष्ट किया है। कहा कि पुलिस द्वारा की जा रही संयुक्त कार्रवाई से नक्सलियों का मनोबल काफी गिरा हुआ है। नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी है।

 

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND