औरंगाबाद: फरार हार्डकोर नक्सली बीरेंद्र सिंह भोक्ता गिरफ्तार
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे हार्डकोर नक्सली बीरेंद्र सिंह भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह नक्सली गया और औरंगाबाद जिलों के कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल था और वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार था। गिरफ्तार किए गए बीरेंद्र की पहचान गया जिला के बांके बाजार थाना अंतर्गत मोहरांव गांव निवासी के रूप में हुई है।
गया के आमस और औरंगाबाद के मदनपुर व ढिबरा थाना क्षेत्र में इस नक्सली की लगातार तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को मदनपुर स्थित पुलिस अनुमंडल कार्यालय में सदर एसडीपीओ-2 अमित कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी एसपी अंबरीश राहुल के नेतृत्व में चल रहे व्यापक नक्सली विरोधी अभियान का नतीजा है।
एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी हुई। अभियान के दौरान खुफिया सूचना मिली थी कि बीरेंद्र सिंह भोक्ता मदनपुर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने के इरादे से आया है। पुलिस की सक्रियता देख वह अपने घर लौट गया। इस सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई और मदनपुर थाना की टीम तथा एसटीएफ ने मिलकर छापेमारी कर बीरेंद्र को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि इसी सप्ताह दो दिन पहले भी पुलिस ने इसी इलाके के लंगूराही गांव से एक अन्य हार्डकोर नक्सली जगलाल सिंह भोक्ता को भी गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई ने नक्सली संगठन की कमर तोड़ दी है और इनकी गिरफ्तारी से संगठन का मनोबल भी बुरी तरह टूट चुका है।
गिरफ्तार बीरेंद्र सिंह भोक्ता 2015 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और 2021 तक वह विशेष रूप से सक्रिय रहा। गया और औरंगाबाद के सीमावर्ती इलाके में उसका खासा आतंक था। संगठन के लिए वह लेवी वसूली, नए सदस्यों की भर्ती और संगठन के विस्तार जैसे कामों में अग्रणी भूमिका निभाता था।
पुलिस को उससे पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन जारी है और फरार नक्सलियों को पकड़कर जेल भेजा जा रहा है। इस विशेष कार्रवाई में मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष सूर्यवंश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और बल भी शामिल रहे।
About The Author
