औरंगाबाद : डीएम ने किया बभंडी बाल संरक्षण संस्थाओं का निरीक्षण, कमियों पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए निर्देश

औरंगाबाद : डीएम ने किया बभंडी बाल संरक्षण संस्थाओं का निरीक्षण, कमियों पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए निर्देश

औरंगाबाद। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सह जिला निरीक्षण समिति के अध्यक्ष श्रीकांत शास्त्री ने आज बभंडी स्थित बाल संरक्षण संस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निरीक्षण समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत बाल गृह यूनिट-01, वृहद आश्रय गृह से की गई, जहां निरीक्षण के समय 41 बच्चे आवासित पाए गए। जिलाधिकारी ने संस्था में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए गृह अधीक्षक का एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में यह भी पाया गया कि भवन की छत पर बने निकासी द्वार खुले और असुरक्षित हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। जिलाधिकारी ने तत्काल दोनों छतों पर लोहे के गेट लगाने का निर्देश दिया। वहीं शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा में पाया गया कि सभी एजुकेटर नियमित रूप से बच्चों को पढ़ा रहे हैं, जिसे जिलाधिकारी ने संतोषजनक बताया।

इसके बाद निरीक्षण समिति द्वारा विधि विरुद्ध बालकों के लिए संचालित सुरक्षित स्थान का भी निरीक्षण किया गया, जहां 86 बच्चे निवासरत मिले। यहां भी फर्श की सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षक को सख्त निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए, जिससे बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार और संचालन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए और अगली निरीक्षण के पूर्व सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित हो।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सहायक निदेशक (बाल संरक्षण इकाई), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस निरीक्षण से एक बार फिर यह संदेश गया कि बाल संरक्षण से जुड़े किसी भी प्रकार की लापरवाही को जिला प्रशासन सहन नहीं करेगा और बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा तथा जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता में है।

Views: 27
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND