औरंगबाद: पूर्व मुखिया अजीत कुमार सिन्हा की पीट पीटकर हत्या
पड़ोसियों पे हत्या का आरोप
औरंगाबाद (ओबरा)। औरंगबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरांटी गांव में बभनडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया अजीत कुमार सिन्हा (42) की बेहद बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव के ही मदन शर्मा के घर से बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर साफ है कि उनकी हाथ-पांव बांधकर बुरी तरह पिटाई की गई थी।
अजीत सिन्हा मंगलवार देर रात अपने बेटे के साथ नए मकान में सोए हुए थे। बुधवार सुबह लगभग 3:30 बजे उन्होंने अपने बेटे से कहा कि वे दवा लेने जा रहे हैं, लेकिन फिर घर नहीं लौटे। सुबह जब बेटे की नींद खुली तो वह अपने पिता को ढूंढते हुए पुराने घर गया, लेकिन वहां भी पिता नहीं मिले। इसी बीच गांव से सूचना मिली कि उनका शव मदन शर्मा के घर में पड़ा है।
मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति को मदन शर्मा और अन्य लोगों ने अगवा कर अपने घर में बंद कर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह हत्या साजिशन की गई है और दोषियों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए।
मृतक के बेटे ने बताया, मेरी तबीयत खराब थी, पापा दवा लेने गए थे। पड़ोसी ने उन्हें घर में बुला कर बांध दिया और मार डाला। आज सुबह हमें जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दावा किया है कि पूर्व मुखिया उनके घर में बेटी के साथ गलत इरादे से घुसे थे, इसी को लेकर मारपीट हुई। हालांकि मृतक की पत्नी और परिजन इस दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं।
पूर्व मुखिया की पत्नी सुनीता देवी ने कहा अगर मेरे पति गलत नीयत से गए होते, तो क्या पड़ोसियों को कानून हाथ में लेने का अधिकार था? पुलिस को बुलाना चाहिए था। मेरे पति ऐसे इंसान नहीं थे।
मृतक के चचेरे भाई अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि यह हत्या किसी व्यक्तिगत विवाद या पूर्व पंचायत चुनावों की रंजिश के कारण भी हो सकती है। अजीत सिन्हा वर्ष 2016 से 2021 तक बभनडीहा पंचायत के मुखिया थे, और पिछले चुनाव में पराजित हो गए थे। इन दिनों वे खरांटी गांव में जनरल स्टोर चला रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ कुमार ऋषि राज ने बताया कि आज सुबह करीब 5 बजे घटना की सूचना मिली। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और पीड़ित को जख्मी हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मदन शर्मा समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।
About The Author
