औरंगाबाद: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, स्टाफ नर्स और उनके पति घायल
औरंगाबाद। औरंगाबाद-पचरुखिया मुख्य पथ पर स्थित ओबरा प्रखंड के बेल मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रोहतास जिले के बघैला थाना क्षेत्र के छनहा गांव निवासी बबलू कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। रिंकी कुमारी औरंगाबाद सदर अस्पताल में जीएनएम स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं।
यह घटना मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब बबलू और रिंकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोह से विभागीय काम निपटाकर वापस औरंगाबाद लौट रहे थे। बेल मोड़ के पास अचानक एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।
मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा पहुंचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टर देवाश्री ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है। उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। बेहतर इलाज के लिए दोनों को फिलहाल सदर अस्पताल में ही भर्ती रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
About The Author
