औरंगाबाद : 18 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे एंबुलेंस कर्मी

औरंगाबाद : 18 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे एंबुलेंस कर्मी

औरंगाबाद। जिले में एंबुलेंस कर्मियों ने एक बार फिर हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। 18 फरवरी की रात 12 बजे से डायल 102 के सभी एंबुलेंस चालक और EMT कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे पहले, 21 जनवरी से 5 फरवरी तक लगातार 16 दिनों तक हड़ताल चली थी, जो कंपनी प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद खत्म हुई थी।

कंपनी प्रबंधन ने नहीं मानी मांगे

डायल 102 के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार टाइगर ने बताया कि 5 फरवरी को औरंगाबाद के दानी बीघा में एंबुलेंस कर्मियों की कंपनी के HR मिल्टन सिंह, दीपक कुमार मेहता, विशाल सिंह और CL विकास कुमार से बातचीत हुई थी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी थी, लेकिन उनकी 8 सूत्रीय मांगों को अब तक पूरा नहीं किया गया है। यदि 18 फरवरी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तो पूरे बिहार में एंबुलेंस सेवा ठप कर दी जाएगी।

क्या हैं प्रमुख मांगे?
  • न्यूनतम मजदूरी: राज्य सरकार के अनुसार चालक और EMT टेक्नीशियन का उचित मानदेय तय किया जाए।
  • कार्य घंटे: 12 घंटे की जगह 8 घंटे की शिफ्ट लागू की जाए, या फिर ओवरटाइम का भुगतान मिले।
  • बीमा और मुआवजा: आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस कर्मियों को उचित मुआवजा मिले। यदि किसी कर्मी की मौत होती है, तो उसके परिवार को पेंशन दी जाए।
  • बकाया वेतन: अक्टूबर 2024 से बकाया वेतन अब तक नहीं दिया गया है, जिसे जल्द से जल्द जारी किया जाए।
पहले भी कर चुके हैं हड़ताल

संतोष कुमार टाइगर ने बताया कि 2024 में भी एंबुलेंस कर्मियों ने बकाया वेतन को लेकर हड़ताल की थी, लेकिन दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान कर दिया गया था। इस बार भी अगर 18 फरवरी तक मांगे पूरी नहीं हुईं, तो राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं पर संकट खड़ा हो सकता है।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND