दाउदनगर के संस्कार विद्या में धूमधाम से मना वन महोत्सव

दाउदनगर के संस्कार विद्या में धूमधाम से मना वन महोत्सव

दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर के नवरतनचक स्थित संस्कार विद्या नॉलेज सिटी के प्रांगण में सोमवार को वन महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एक पौधा लगाते हुए उसे “एक वृक्ष संस्कार” नाम दिया और इसे पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों के प्रतीक के रूप में याद रखने का संदेश दिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा, “यह वृक्ष जैसे-जैसे बड़ा होगा, यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं इसे देखें, अवलोकन करें और समझें कि एक प्रशासकीय पदाधिकारी ने संस्कार संबंधी संदेश देने के लिए यह वृक्ष लगाया था। यह हमेशा संस्कार का घटक बना रहेगा। आप सभी इसकी अच्छी तरह देखभाल करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुरेश कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि वृक्षों की अंधाधुंध कटाई के कारण वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा, “कोरोना काल के बाद लोग आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की ओर अधिक झुके हैं। वातावरण शुद्ध रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। हमारे विद्यालय परिवार के सभी सदस्य और विद्यार्थी हर वर्ष वृक्षारोपण कर लोगों को प्रेरित करते हैं।

सीईओ आनंद प्रकाश ने कहा, “वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि बच्चों के दिल और दिमाग में यह विचार भरना है कि अपने परिवार के हर सदस्य के नाम पर एक वृक्ष अवश्य लगाएं और उसे परिवार के सदस्य की तरह पालें-पोषें। इससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होगा, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी बनेगा।

डिप्टी सीईओ इंजीनियर विद्यासागर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों के जन्म पर पांच-पांच वृक्ष लगाएं, जो बड़े होकर मूल्यवान लकड़ी देंगे। इससे बेटियों की पढ़ाई-लिखाई और शादी में आर्थिक मदद मिल सकती है। तकनीकी सलाहकार विनय प्रकाश ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हर व्यक्ति का धर्म होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारे आसपास अधिक जगह नहीं है, तो घर के गमलों में भी पौधे लगाएं। तुलसी का पौधा अवश्य लगाएं, क्योंकि यह 24 घंटे ऑक्सीजन प्रदान करता है। इस अवसर पर विद्यालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज कुमार ने कहा, “आज के बच्चे ही देश के भविष्य हैं। उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। पूरा विश्व इस मुद्दे को लेकर चिंतित है।

कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की 10वीं की छात्रा श्रेयसी कुमारी ने किया, जिनके प्रभावशाली शब्दों और उत्साहपूर्ण अंदाज ने सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में 9वीं और 10वीं कक्षा के हेड बॉय मणिकांत और उत्कर्ष, हेड गर्ल अनुपम और मोनिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों ने पर्यावरण से जुड़े सुंदर पोस्टर तैयार किए, जिन्हें वृक्षों के पास सजाया गया। अतिथियों ने इन प्रयासों की सराहना की।

वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण के बाद वनभोज का आयोजन किया गया। सभी अतिथियों ने उत्सव का आनंद लेते हुए स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

समारोह में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा, “हम सभी अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएंगे और उसकी देखभाल करेंगे।

Views: 5
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND