IAS अनन्या सिंह बनीं औरंगाबाद की नई उप विकास आयुक्त, पहले प्रयास में पाई थी UPSC में 51वीं रैंक
औरंगाबाद। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2020 बैच की अधिकारी अनन्या सिंह को औरंगाबाद जिले का नया उप विकास आयुक्त (DDC) नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार द्वारा आज उनका पदस्थापन आदेश जारी कर दिया गया।
अनन्या सिंह का पश्चिम बंगाल से बिहार कैडर में ट्रांसफर हुआ है। वे हाल ही में बिहार में योगदान देकर पोस्टिंग की प्रतीक्षा में थीं। अब उन्हें औरंगाबाद जैसे महत्वपूर्ण जिले में उप विकास आयुक्त के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
अनन्या सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। वे 2020 बैच की IAS अधिकारी हैं और उन्होंने पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर 51वीं रैंक हासिल की थी। महज 22 साल की उम्र में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया था, जो कई युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा प्रयागराज से की थी। दसवीं में 96% और बारहवीं में 98.25% अंक हासिल कर जिला टॉपर रहीं। उन्होंने सीआईएससीई बोर्ड से पढ़ाई की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से इकोनॉमिक्स ऑनर्स में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
अनन्या सिंह की शादी 2019 बैच के बिहार कैडर के IAS अधिकारी कुमार अनुराग से हुई है। इसी आधार पर उन्होंने कैडर परिवर्तन का आवेदन दिया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान की।
About The Author
