औरंगाबाद: चिराग की रैली से लौटे रहे लोजपा (रामविलास) का पंचायत अध्यक्ष पर जानलेवा हमला

औरंगाबाद: चिराग की रैली से लौटे रहे लोजपा (रामविलास) का पंचायत अध्यक्ष पर जानलेवा हमला

औरंगाबाद। चिराग पासवान की रैली से लौट रहे युवक पर रविवार की रात जिनोरिया बस स्टैंड के पास जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर हुई बहस के बाद युवक पर चाकू से कई बार वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह घटना दाउदनगर अनुमंडल क्षेत्र के जिनोरिया की है। घायल युवक की पहचान मृत्युंजय पासवान, निवासी धनावां गांव (दाउदनगर), के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मृत्युंजय पासवान लोजपा (रामविलास) का पंचायत अध्यक्ष है और वह राजगीर में आयोजित चिराग पासवान की जनसभा में शामिल होकर लौट रहा था। रात में वह जिनोरिया बस स्टैंड के पास एक मेडिकल दुकान पर दवा लेने गया था। वहीं कर्मा गांव निवासी गोविंद सिंह और झवई गांव निवासी रवि यादव पहले से मौजूद थे।

तीनों के बीच चिराग पासवान के भविष्य को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हुई। इसी दौरान गोविंद और रवि ने कहा कि “चिराग पासवान कभी मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, और ओबरा सीट भी तुम लोग नहीं जीत पाओगे।” इस टिप्पणी पर कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

युवक के पिता कपिल देव पासवान के अनुसार, बहस के दौरान आरोपितों ने जातिसूचक गालियां दीं और चाकू से सिर पर 3-4 वार किए। सिर में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद युवक को दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल मृत्युंजय पासवान ने बताया कि आरोपित बार-बार कह रहे थे कि चिराग पासवान कभी विधानसभा नहीं जीतेंगे, और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, और युवक को इलाज के लिए भेजा गया है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Views: 36
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND