औरंगाबाद: कुटुंबा में मेले जा रहे यात्रियों की ऑटो में टाटा मैजिक गाड़ी ने मार टक्कर, दर्जनभर घायल, दो लड़कियों की हालत गंभीर
औरंगाबाद। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबा-नबीनगर रोड पर तमसी मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक ऑटो में पीछे से आ रही टाटा मैजिक गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा उस वक्त हुआ, जब टाटा मैजिक का ड्राइवर ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। हादसे में ऑटो सवार महिलाओं और लड़कियों समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद टाटा मैजिक मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल दो लड़कियों को मगध मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गया रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल सभी लोग नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र के मोहरी इटवा गांव के रहने वाले हैं। वे दो ऑटो से अंबा स्थित प्रसिद्ध सतबहिनी मंदिर में आयोजित आद्रा मेला घूमने जा रहे थे। एक ऑटो में पुरुष और लड़के जबकि दूसरे ऑटो में महिलाएं और लड़कियां सवार थीं। जैसे ही महिलाओं और लड़कियों से भरा ऑटो तमसी मोड़ के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने ओवरटेक करते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और कई महिलाएं व बच्चियां उसके नीचे दब गईं।
घायलों में नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र के मोहरी इटवा गांव के 40 साल के दिनेश साव, दिनेश साव की 35 साल की पत्नी सावित्री देवी, टूना साव की 13 साल की बेटी चंदा कुमारी, रविंद्र साव की 16 साल की बेटी शोभा कुमारी, महेश साव की 14 साल की बेटी जूही कुमारी, रविंद्र साव की 40 साल की पत्नी मीना देवी, सिनेश साव की 15 साल की बेटी प्रभा कुमारी, दिनेश साव की 11 साल की प्रिया कुमारी शामिल है। इनमें से चंद्रा और शोभा की हालत गंभीर बनी हुई है। चंद्रा का जबड़ा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं शोभा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग घायलों को ऑटो के नीचे से बाहर निकालने में जुट गए। उसी दौरान अंबा थाने के पुलिसकर्मी किसी दूसरे कार्य से कुटुंब की ओर जा रहे थे, जिन्होंने घायल यात्रियों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर मिलते ही दूसरे ऑटो में सवार घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। कुटुंबा रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर दो लड़कियों को गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
About The Author
