औरंगाबाद जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन, 30 ग्राम संगठनों में हुई महिलाओं की भागीदारी

औरंगाबाद जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन, 30 ग्राम संगठनों में हुई महिलाओं की भागीदारी

औरंगाबाद। बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाई जा रही महिला संवाद योजना के अंतर्गत आज औरंगाबाद जिले के सभी 11 प्रखंडों के चयनित 30 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

अब तक जिले के 619 ग्राम संगठनों में यह संवाद आयोजित हो चुका है। जिले में प्रतिदिन दो पालियों में कुल 15 महिला संवाद रथों का संचालन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित करने की राज्य सरकार की एक अनूठी पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उनके अनुभव साझा करने का मंच प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी-अपनी बातों को खुलकर रखा। उन्होंने न केवल विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मिले लाभों की जानकारी दी, बल्कि योजनाओं में और सुधार की आवश्यकता पर भी सुझाव दिए। इससे यह स्पष्ट होता है कि महिला संवाद महिलाओं की आकांक्षाओं और विकास की उम्मीदों का सशक्त मंच बन चुका है।

कार्यक्रम के दौरान बसंती देवी, रेखा देवी, कांति देवी और सविता देवी जैसी लाभार्थी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने इन योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन और परिवार की दिशा बदली है। वे अब गाँव की अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं।

अब तक महिला संवाद ऐप पर कुल 13,332 अपेक्षाएँ दर्ज की जा चुकी हैं। राज्य के सभी जिलों में ग्राम संगठन स्तर पर यह कार्यक्रम सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। महिला संवाद रथ के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित फिल्में दिखाई जा रही हैं और लीफलेट वितरित किए जा रहे हैं ताकि जिन महिलाओं तक योजनाओं की जानकारी नहीं पहुँच पाई है, वे भी लाभान्वित हो सकें। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का महिलाओं के नाम संदेश भी सभी उपस्थित महिलाओं को सुनाया गया।

पार्वती ग्राम संगठन, गनपत तेंदुआ, बारुण में आयोजित कार्यक्रम में औरंगाबाद के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, जिला परियोजना प्रबंधक पवन कुमार (जीविका), प्रबंधक सामाजिक विकास सुरेश चौधरी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक अखिलेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक अमित कुमार, सामुदायिक समन्वयक प्रतिमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

जिलाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, छात्रवृत्ति योजना और बालिका पोशाक योजना की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इनसे लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND