औरंगाबाद: जिले के 11 प्रखंडों के 30 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन
सरकार की योजनाओं से अब तक 20 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ीं
औरंगाबाद। आज जिले में रविवार को "महिला संवाद" कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी 11 प्रखंडों के चयनित 30 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम बिहार सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य की महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करना और उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाना है। अब तक औरंगाबाद जिले के 855 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
जिले में प्रतिदिन दो पालियों में 15 महिला संवाद रथ संचालित किए जा रहे हैं। ये रथ गांव-गांव जाकर महिलाओं को छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना आदि के बारे में जानकारी देते हैं। इसके साथ ही महिलाओं को अपने अनुभव साझा करने का भी मंच दिया जा रहा है। अब तक 20,298 महिलाओं की अपेक्षाएं ऐप के माध्यम से दर्ज की जा चुकी हैं, जो इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाएं – सुनीता देवी, शीला देवी और अंजली कुमारी आदि ने बताया कि उन्होंने किस तरह सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया। इन महिलाओं की बातें अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनीं। चंदा ग्राम संगठन, अदमा (प्रखंड: बारुण) में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, अंचलाधिकारी श्री मंजेस कुमार, मुखिया श्री बसंत कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक श्री पवन कुमार (जीविका), प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री अखिलेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक श्रीमती शिल्पी कुमारी समेत कई अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को सभी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि महिला संवाद कार्यक्रम न केवल योजनाओं की जानकारी का माध्यम है, बल्कि यह एक ऐसा मंच है जहाँ महिलाएं अपनी आवाज़ को बुलंद कर सकती हैं।
महिला संवाद रथों के माध्यम से लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित फिल्में भी प्रदर्शित की जा रही हैं। इसके अलावा योजनाओं से संबंधित जानकारीपूर्ण पर्चे वितरित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का महिलाओं के नाम संदेश भी प्रसारित किया गया, जिससे महिलाओं को राज्य सरकार की नीतियों और दृष्टिकोण की जानकारी मिली।
यह महिला संवाद कार्यक्रम औरंगाबाद जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रहा है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपने अधिकारों व सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रही हैं। यह पहल राज्य के समावेशी और संतुलित विकास की दिशा में भी मजबूत भूमिका निभा रही है।
About The Author
