औरंगबाद: पूर्व मुखिया के हत्या में शामिल तीन प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार, भेजा गया जेल
औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र के खरांटी गांव में बुधवार सुबह लगभग 4 बजे हुए सनसनीखेज वारदात में पूर्व मुखिया अजित कुमार सिन्हा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की पत्नी सुनीता कुमारी के बयान पर पुलिस ने 10 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों मदन शर्मा, गोलू शर्मा और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
सुनीता कुमारी ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि उनके पति प्रतिदिन नए मकान में सोने के बाद सुबह चाय पीने पुराने घर आते थे। लेकिन घटना वाले दिन वह नहीं आए। उन्हें और उनकी सास को शक हुआ, तो वे नए मकान गए। वहां देखा कि गेट बाहर से बंद था। जब दरवाजा खोला तो बच्चा अंदर सो रहा था। पूछने पर बच्चे ने बताया कि मोहन शर्मा पापा को साथ ले गए हैं और उन्होंने कहा था कि दवा लेकर आएंगे।
इसके बाद सुनीता और उनकी सास को संदेह हुआ और उन्होंने मोहन शर्मा के घर की ओर देखा, जहां से कुछ आवाजें आ रही थीं। जब वे वहां पहुंचीं तो देखा कि अजित कुमार सिन्हा को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया था और वह अचेत अवस्था में थे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने बताया कि घटना के तीन घंटे के भीतर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। मामले में एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और दीपक कुमार को शामिल किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
About The Author
