औरंगाबाद: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश नाकाम

औरंगाबाद: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश नाकाम

औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के आजाद बिगहा गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके मामा के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना 26 जून की रात की है, जब मृतक को घर से करीब 100 मीटर दूर आम के पेड़ के पास ले जाकर पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर लकड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को महिला ने अपने घर के छप्पर में साड़ी के सहारे फंदे से लटका दिया।

पुलिस की सतर्कता से खुला मामला

27 जून की सुबह महिला ने गांव में शोर मचाते हुए दावा किया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पर कई चोट के निशान देखे गए। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और महिला से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला रीता देवी (40 वर्ष) ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी अरविंद भुइंया और उसके मामा सुरेश के साथ मिलकर पति सुनेश्वर भुइंया (42 वर्ष) की हत्या की है।

प्रेमी के दबदबे में आकर रची हत्या की साजिश

रीता ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेमी अरविंद एक पूर्व नक्सली का बेटा है और इलाके में शराब का अवैध धंधा करता है। उसकी दबंगई से प्रभावित होकर वह उससे प्रेम करने लगी। लेकिन पति सुनेश्वर इसके खिलाफ था और अकसर विरोध करता था। पति के बार-बार टोकने और विरोध के कारण दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दे दिया।

शराब के कारोबार में भी साथ थे प्रेमी-प्रेमिका

गांव वालों के अनुसार रीता और अरविंद पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। अरविंद के प्रभाव में रीता भी अवैध शराब के धंधे में शामिल हो गई थी। दोनों एक ही बाइक पर बैठकर गांव-गांव शराब की डिलीवरी देते थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मृतक को न सिर्फ अफेयर की जानकारी थी, बल्कि शराब धंधे में शामिल होने पर उसने इसका विरोध भी किया था। विरोध करने पर अरविंद कई बार सुनेश्वर की पिटाई भी करता था।

पत्नी के साथ मिलकर करता था मारपीट

मृतक ने कई बार अपनी पत्नी को चेतावनी दी थी कि अरविंद को घर से दूर रखे, लेकिन रीता उल्टा अपने प्रेमी से पति की पिटाई करवाती थी। गुरुवार की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।

पुलिस को देता था चकमा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अरविंद का नेटवर्क बड़ा था। वह पूर्व में नक्सल मामलों में भी संलिप्त रह चुका है। उसके खिलाफ मदनपुर थाने में सीएलए एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। वह लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार करता था। रीता अक्सर अरविंद के साथ बाइक पर बैठकर शराब सप्लाई में साथ देती थी। लोग उन्हें पति-पत्नी समझते थे, जिससे पुलिस भी धोखा खा जाती थी। फिलहाल अरविंद और उसका मामा सुरेश फरार हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND