नालंदा: पति से विवाद के बाद महिला ने तीन बच्चों संग खाया जहर, इलाज के दौरान मां की मौत

नालंदा: पति से विवाद के बाद महिला ने तीन बच्चों संग खाया जहर, इलाज के दौरान मां की मौत

नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मघड़ा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद से परेशान एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को जहरीला शरबत पिलाकर खुद भी जहर पी लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है, जबकि तीनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतका की पहचान खुशबू कुमारी (35) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रविवार की रात खुशबू और उसके पति राजीव रविदास के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। यह सब उनके 8 वर्षीय बेटे कल्लू कुमार ने खुद देखा और बताया। अगली सुबह, खुशबू ने रोजाना की तरह नाश्ता तैयार किया और उसके पति राजीव मजदूरी पर बिहार शरीफ चले गए। पति के जाते ही खुशबू ने खेतों में छिड़काव के लिए उपयोग होने वाले सल्फास पाउडर को पानी में घोलकर जहरीला शरबत बनाया। खुशबू कुमारी ने सबसे पहले अपने तीनों बच्चों  सुगी कुमारी (10 वर्ष), कल्लू कुमार (8 वर्ष), आर्यन कुमार (4 वर्ष) को यह जहरीला घोल पिलाया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया।

घटना के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। महिला के ससुर राज कुमार रविदास ने जब यह देखा तो तुरंत शोर मचाया और गांव वालों की मदद से सभी को मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान खुशबू कुमारी की मौत हो गई, जबकि बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

दीपनगर थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला घरेलू कलह से उपजे आत्मघाती कदम का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि महिला ने पहले बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी सेवन किया। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने को मजबूर करती है कि पारिवारिक तनाव और घरेलू हिंसा किस हद तक जानलेवा साबित हो सकते हैं। तीन मासूम बच्चों की जिंदगी अब मौत और जीवन के बीच जूझ रही है, और एक मां ने अपना जीवन खो दिया।

Views: 13
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433