गया: जमीन विवाद में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या
गया। गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणगांव में शनिवार की दोपहर एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो लोगों—पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अशोक सिंह और उनके पुत्र कुणाल सिंह के रूप में हुई है। इस जघन्य हत्याकांड के पीछे उन्हीं के रिश्तेदार और भतीजे नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं।
घटना उस वक्त हुई जब अशोक सिंह घर में अकेले थे। बताया जा रहा है कि अशोक सिंह के भतीजे नीतीश कुमार ने पहले घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी और फिर घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर भागते वक्त उसने अशोक सिंह के बेटे कुणाल सिंह को भी गोली मार दी। कुणाल सिंह दिल्ली में रहकर बीपीएससी की तैयारी कर रहे थे और फिलहाल घर आए हुए थे। शनिवार को ही उनकी दिल्ली वापसी की योजना थी।
परिवार वालों और गांव वालों ने बताया कि अशोक सिंह के पांच भाई हैं और भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। कुछ दिनों पहले अशोक सिंह का पैर ऑपरेशन हुआ था और वह बिस्तर पर थे। घटना के समय आरोपी नीतीश सिंह घर पहुंचा और जमीन विवाद को लेकर अशोक सिंह से बहस करने लगा। थोड़ी देर बाद उसने गुस्से में आकर अपने चाचा को गोली मार दी। इसके बाद जब वह खेत की ओर भाग रहा था तो रास्ते में कुणाल सिंह मिल गए, जिन्हें भी उसने निशाना बना डाला। कुणाल के साथ उस समय उनके एक चाचा भुट्टा सिंह भी मौजूद थे, जिन्होंने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही वजीरगंज थानाध्यक्ष, एएसपी और बाद में गया एसएसपी आनंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नीतीश कुमार के पिता गुड्डू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। गांव में इस घटना के बाद से भारी तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की असल वजहों को खंगालने का प्रयास कर रही है।
About The Author
