गयाजी में शराब तस्करों का हमला, पुलिस टीम पर पत्थरबाजी, SI घायल
गयाजी। फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस शराब बनाने वालों को पकड़ने के लिए कुहरी गांव में छापेमारी करने गई थी, तभी चार महिला तस्करों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं।
रविवार को पुलिस ने फतेहपुर के कुहरी गांव में एक ऑटो से 450 लीटर महुआ शराब बरामद की थी। इसी मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए, सोमवार रात पुलिस टीम शराब बनाने वालों को गिरफ्तार करने गई थी। घायल SI मनोज कुमार ने बताया कि वे शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गए थे, तभी उन पर अचानक हमला कर दिया गया। हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए गयाजी रेफर किया गया है, जहाँ उनके सिर में 12 टांके लगे हैं।
फतेहपुर के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार महिलाओं के नाम सावित्री देवी, विभा कुमारी, संगीता देवी और ललिता देवी हैं। पुलिस ने इन चारों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी को लागू करने में पुलिस के सामने आ रही चुनौतियों को उजागर किया है।
About The Author
