गया में बड़ी कामयाबी: मोनबार नरसंहार का आरोपी कुख्यात नक्सली शिवकुमार सिंह भोक्ता गिरफ्तार, 4 साल से था फरार
गया। बिहार के गया ज़िले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गया पुलिस और एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात नक्सली शिवकुमार सिंह भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह वही नक्सली है, जो 14 नवंबर 2021 को मोनबार गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या में मुख्य आरोपी था। वारदात के चार साल बाद इस गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
डुमरिया थाना क्षेत्र के मोनबार गांव में भाकपा माओवादी (CPI-Maoist) के नक्सलियों ने 2021 में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। मुखबिरी के शक में एक ही परिवार के दो भाई और उनकी पत्नियों को फांसी के फंदे पर पेड़ से लटका दिया गया था। उस दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को दहशत में डाल दिया था और यह गया जिले के नक्सली इतिहास की सबसे क्रूर घटनाओं में से एक मानी जाती है।
गया के छकरबंधा थाना क्षेत्र के कचनार गांव का रहने वाला शिवकुमार सिंह भोक्ता पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह किसी पारिवारिक कारण से अपने गांव लौटा है। सूचना मिलते ही एसटीएफ, डुमरिया थाना और छकरबंधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने कचनार गांव में घेराबंदी की। गिरफ्तारी के समय शिवकुमार ने भागने की कोशिश की लेकिन उसे दबोच लिया गया।
गया एसएसपी आनंद कुमार ने बताया गिरफ्तार नक्सली शिवकुमार सिंह भोक्ता मोनबार हत्याकांड का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ हत्या, साजिश, माओवादी गतिविधियों और अन्य कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के लिए टीम लंबे समय से प्रयासरत थी। एसएसपी के मुताबिक, मोनबार हत्याकांड में पहले ही 5 नक्सलियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से तीन को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की जा चुकी है। शिवकुमार की गिरफ्तारी से अब इस केस की तह तक पहुंचने और नक्सली नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी मदद मिल सकती है।
About The Author
