गया में टॉप-10 अपराधी सुदय यादव गिरफ्तार, दर्जनों मामलों में था वांछित
गया। गया जिले में अपराध की दुनिया में कुख्यात नाम बन चुके सुदय यादव को आखिरकार गया पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गया पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि सुदय यादव को जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था और वह पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, गया के खिजरसराय थाना क्षेत्र के केवटी मुरारपुर गांव में छिपे होने की गुप्त सूचना एसएसपी आनंद कुमार को मिली। सूचना मिलते ही नीमचक बथानी के एसडीपीओ प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तत्काल छापेमारी कर सुदय यादव को धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। सुदय यादव उर्फ सुदय कुमार पर महकार थाना क्षेत्र में अकेले 8 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गया जिले के अन्य थानों में भी उस पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में वांछित था। गया पुलिस की इस गिरफ्तारी को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसडीपीओ प्रकाश कुमार ने बताया कि सुदय यादव की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
गया पुलिस को लंबे समय से सुदय यादव की तलाश थी, क्योंकि वह फरार रहने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार किए जाने के बाद अब उससे पूछताछ के जरिए अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में भी संतोष देखने को मिल रहा है, जो वर्षों से इस अपराधी के आतंक से परेशान थे। अब उम्मीद की जा रही है कि अन्य फरार अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज होगी।
About The Author
