पटना: सीएम नीतीश ने 21,391 सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

पटना: सीएम नीतीश ने 21,391 सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य के 21,391 नव नियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर पटना के बापू सभागार में भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और नव चयनित पुलिसकर्मी शामिल हुए। खास बात यह रही कि नियुक्त सिपाहियों में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य राज्य में पुलिस बल की वर्तमान कमी को दूर करना और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। नई नियुक्तियों के माध्यम से सरकार युवाओं को सरकारी रोजगार भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा राज्य में सुशासन स्थापित करने और आम जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की संख्या बढ़ाना आवश्यक है।

सीएम नीतीश कुमार ने एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि 24 नवम्बर 2005 को जब राज्य में हमारी सरकार बनी, उस समय बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या मात्र 42,481 थी। वर्ष 2006 से लगातार बल की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 2 लाख 29 हजार से अधिक पदों का सृजन किया है और तेजी से पुलिस कर्मियों की बहाली की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक सभी स्वीकृत पदों को भरना है। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति भी बढ़ेगी, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। इस नियुक्ति प्रक्रिया की एक बड़ी विशेषता यह भी रही कि इसमें महिला सिपाहियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। सरकार लगातार महिला आरक्षण और समान अवसर के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। इससे पुलिस बल में जेंडर संतुलन बेहतर होगा और महिलाओं से संबंधित अपराधों पर कार्रवाई भी अधिक प्रभावशाली हो सकेगी।

Views: 25
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND