पटना : मुख्यमंत्री ने औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरपुर की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों का किया निरीक्षण
पटना। पटना जिले के बिहटा प्रखंड स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा समेत वरीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने न केवल औद्योगिक विकास की प्रगति को देखा, बल्कि वहां कार्यरत महिलाओं के उत्साह और दक्षता की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले आर.के. शर्ट्स फैक्ट्री का दौरा किया। यहां काम कर रही महिला कर्मचारियों की दक्षता और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे परिधानों की गुणवत्ता देखकर उन्होंने संतोष जताया। इसके बाद उन्होंने डीवी रंजन गियर्स एंड स्पोर्ट्स बैग फैक्ट्री का निरीक्षण किया, जहां फैक्ट्री मालिक डॉ. राजीव रंजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने एक कोल्ड स्टोरेज यूनिट का भी जायजा लिया, जहां से फल और सब्जियों की पैकिंग कर देश-विदेश तक भेजा जाता है। अधिकारियों ने बताया कि इससे बिहार के किसानों को अच्छी आमदनी हो रही है।
महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
डीवी रंजन स्पोर्ट्स बैग फैक्ट्री में आसपास के गांवों की लगभग 550 महिलाएं कार्यरत हैं। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि यह इकाई बिहार सरकार की प्लग एंड प्ले योजना के तहत बिआडा द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीन पर संचालित हो रही है। यहां से उत्पादों की सप्लाई मुंबई, दिल्ली से लेकर दुबई तक की जा रही है। मुख्यमंत्री ने फैक्ट्री में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर संतोष जताते हुए कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक उल्लेखनीय पहल है।
हजारों युवाओं को मिल रहा है रोजगार
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बिआडा) द्वारा अधिग्रहित 600 एकड़ भूमि पर स्थापित इस औद्योगिक क्षेत्र में अभी तक ब्रिटानिया, आर.के. शर्ट्स, डीवी रंजन बैग, मदर इंडिया डेयरी जैसी सात प्रमुख फैक्ट्रियां शुरू हो चुकी हैं। इनमें करीब 2000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। ब्रिटानिया फैक्ट्री, जिसका उद्घाटन पहले ही मुख्यमंत्री कर चुके हैं, सुचारु रूप से कार्यरत है। वहीं मदर इंडिया डेयरी यूनिट का शिलान्यास भी हो चुका है, जो भविष्य में क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण का बड़ा केंद्र बनेगा।
31,000 करोड़ के निवेश का असर दिखने लगा
राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बिहटा औद्योगिक क्षेत्र में अभी तक 3,700 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया जा चुका है, जबकि राज्य भर में कुल 31,000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों पर काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में प्रमोद नमकीन और अन्य कई इकाइयों के चालू होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, इस औद्योगिक हब के पास जल्द ही एक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) भी कार्यान्वित होने जा रहा है, जिससे यहां न केवल रोजगार बल्कि तकनीकी शिक्षा का नया केंद्र भी विकसित होगा।
About The Author
